घर में सो रहे मासूम को सांप ने डसा, पिता ने सांप को मार डाला, इलाज के दौरान मौत

इंदौर (हमारा वतन) घर में बिस्तर पर सो रहे 5 साल के बच्चे को सांप ने डस लिया। जिस वक्त ये घटना हुई, बच्चे के पिता उसके पास ही सो रहे थे। अचानक उनकी नींद टूटी तो देखा कि बेटे के बिस्तर पर सांप रेंग रहा है। उन्होंने सांप को बिस्तर से खींचकर मार डाला।

इस दौरान बेटा भी जाग गया। पिता ने उससे पूछा- कोई तकलीफ तो नहीं हो रही है। जब बेटे ने इनकार किया तो उसे वापस सुला लिया और वो भी सो गए। करीब तीन घंटे बाद मासूम के मुंह से झाग निकलने लगा। जिसे देखकर परिजन घबरा गए। वह उसे अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।

मामला शाजापुर जिले के शुजालपुर के कनाडिया गांव का है। यहां रहने वाले अर्जुन गोस्वामी ने बताया कि गुरुवार तड़के बेटे अंकुर को सांप ने काट लिया था। अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार शाम उसने दम तोड़ दिया।

खेती-किसानी का काम करने वाले अर्जुन गोस्वामी ने बताया, ‘अंकुर मेरे पास ही बिस्तर पर सो रहा था। गुरुवार सुबह करीब चार बजे उठकर मैं बाथरूम गया। लौटकर लाइट चालू की तो बेटे अंकुर के बिस्तर पर सांप दिखाई दिया। मैंने तुरंत लाठी उठाई और सांप को उठाकर एक तरफ पटक दिया। डंडे से उसे मार दिया। इस दौरान पत्नी आशा देवी, 12 साल की बेटी और अंकुर भी जाग गए।

हमने अंकुर से पूछा- बेटा कोई तकलीफ हो रही है क्या? उसने कहा- कुछ नहीं हो रहा। उसके हाथ-पैरों पर देखा तो कोई निशान नहीं दिखाई दिया। कुछ देर बाद हमने अंकुर को सुला दिया और खुद भी सो गए। सुबह करीब 7 बजे आशा उठी तो देखा कि अंकुर के मुंह से झाग निकल रहा है। उसने मुझे उठाया। हम अंकुर को देवास के निजी अस्पताल लेकर आए। यहां उन्होंने इंदौर के एमवाय अस्पताल जाने के लिए कह दिया।

इंदौर के एमवाय अस्पताल में बच्चे का इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों की टीम ने उसके शरीर में फैले जहर को निकाला। जहर का असर खत्म करने के लिए एंटी वेनम इंजेक्शन भी दिए गए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। एमवाय पुलिस चौकी के स्टाफ ने बताया कि बच्चे का शव पोस्टमॉर्टम के बाद उसके परिजन को सौंप दिया गया।

रिपोर्ट – राम गोपाल सैनी

हमसे जुड़ें :-

Facebook : – https://www.facebook.com/hamara.watan.750

Tweeter :- https://twitter.com/HamaraWatan3

Instagram :- https://www.instagram.com/hamarawatan65/

जीवन अनमोल है , इसे आत्महत्या कर नष्ट नहीं करें !

विडियो देखने के लिए – https://www.youtube.com/channel/UCyLYDgEx77MdDrdM8-vq76A

अपने आसपास की खबरों, लेखों और विज्ञापन के लिए संपर्क करें – 9214996258, 7014468512,9929701157.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *